दुमका: सराय रोड में बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना पुराना सराय कुआं के पास की है, जहां वंदना स्टोर के मालिक अशोक कुमार मोदी के घर से पुश्तैनी गहने, सिक्के और नकदी चोरी होने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि रात में परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान चोर खिड़की के रास्ते घर के अंदर दाखिल हुए और कमरे में रखी तीन अलमारियों के लॉकर तोड़ दिए। सुबह जब परिवार के सदस्यों ने कमरे का दरवाजा खोला, तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के लॉकर टूटे हुए थे।
परिवार के अनुसार, चोरी गए सामान में पुश्तैनी जेवरात, सिक्के और नकदी शामिल हैं। शुरुआती अनुमान के मुताबिक चोरी हुए सामान की कीमत करीब 25 से 30 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाके में छानबीन करने के साथ ही चोरों के आने-जाने के रास्ते और संभावित सुरागों की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही चोरी की वास्तविक रकम और घटना में शामिल आरोपियों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

