नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 25 अगस्त के लिए कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है, जबकि कहीं-कहीं हवाओं की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के समुद्री क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बनने की स्थिति है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटे के दौरान मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। यह सिस्टम उत्तर ओडिशा और उससे सटे पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्रों से होते हुए उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है।
ओडिशा-छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के आसार
कम दबाव वाले क्षेत्र के प्रभाव से ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी अलर्ट
अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी भारी बारिश की संभावना है। इन राज्यों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ मौसम खराब रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार तेज हवाओं और बारिश का असर कई अन्य राज्यों में भी देखने को मिल सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।


