रांची:– मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में RPF रांची ने ऑपरेशन “NARCOS” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रांची रेलवे स्टेशन से करीब 12.7 किलो गांजा बरामद किया है। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए GRP रांची को सौंप दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को RPF फ्लाइंग टीम/रांची और RPF पोस्ट/रांची की संयुक्त टीम रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 01(A) पर जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान टीम को एक व्यक्ति पर संदेह हुआ। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद काले रंग के पिट्ठू बैग और मिट्टी रंग के ट्रॉली बैग से कुल 9 पैकेट संदिग्ध गांजा बरामद हुआ।
RPF के अनुसार, DD Kit से जांच करने पर बरामद पदार्थ गांजा पाया गया। इसकी विधिवत तौल कराने पर कुल वजन 12.700 किलोग्राम निकला। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 6.35 लाख रुपये बताई गई है। बरामद मादक पदार्थ को नियमानुसार पैक कर सील किया गया।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान असगर खान (लगभग 29 वर्ष), निवासी रोहतास, बिहार के रूप में हुई है। उसके पास से झारसुगुड़ा से रांची का एक अनारक्षित रेलवे टिकट भी बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने RPF को बताया कि उसे यह मादक पदार्थ ओडिशा के बौध में राजा नामक व्यक्ति ने दिया था। इसके बाद वह बस से बौध से झारसुगुड़ा पहुंचा और वहां से ट्रेन संख्या 13426 एक्सप्रेस से रांची आया था।
RPF ने बरामद गांजा, रेलवे टिकट और जब्ती से संबंधित दस्तावेजों के साथ आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए GRP रांची को सौंप दिया है। मामले में NDPS Act के तहत कार्रवाई की जा रही है।


