रांची/तमाड़। तमाड़ थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। करीब रात दो बजे तीन ट्रकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो ट्रकों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों ट्रकों के चालक अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहत-बचाव टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, एक ट्रक जमशेदपुर से रांची की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। दोनों वाहनों की टक्कर के कुछ ही क्षण बाद पीछे से आ रहा तीसरा ट्रक भी दूसरे ट्रक से जा भिड़ा। लगातार तीन वाहनों की टक्कर के कारण दूसरे और तीसरे ट्रक के आगे के हिस्से और केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
क्षतिग्रस्त केबिन में फंस गए दोनों चालक
हादसे के बाद दोनों ट्रकों के चालक क्षतिग्रस्त केबिन में बुरी तरह फंस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और अपने स्तर से भी बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद एक चालक को क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाल लिया गया।
वहीं, दूसरे ट्रक का चालक इतनी बुरी तरह फंस गया था कि उसे निकालना काफी मुश्किल हो रहा था। चालक को रात करीब दो बजे हुए हादसे के बाद लगभग छह घंटे तक क्षतिग्रस्त केबिन के अंदर ही रहना पड़ा। राहत-बचाव टीम ने गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से केबिन को काटकर चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया।
सुबह करीब आठ बजे चालक को निकाला गया बाहर
लगातार प्रयास के बाद सुबह करीब आठ बजे रेस्क्यू टीम को सफलता मिली और फंसे हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।
घटना की सूचना मिलने के बाद तमाड़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू कराई, ताकि हाईवे पर यातायात सामान्य हो सके।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पीछे से आ रहे ट्रक की टक्कर के बाद यह हादसा हुआ। हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।

