HomeBiharबिहार में बाढ़ का बढ़ा खतरा, अमित शाह ने सम्राट चौधरी से...

बिहार में बाढ़ का बढ़ा खतरा, अमित शाह ने सम्राट चौधरी से की बात; NDRF हाई अलर्ट पर

पटना:- नेपाल में आई भीषण फ्लैश फ्लड के बाद बिहार के सीमावर्ती इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकार ने राहत एवं बचाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से फोन पर बात कर राज्य की तैयारियों और संभावित स्थिति की जानकारी ली। केंद्र ने हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।

नेपाल में भारी तबाही के बाद गंडक नदी समेत अन्य नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है। इसके मद्देनजर बिहार के संवेदनशील सीमावर्ती जिलों में प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। कई इलाकों में तटबंधों और जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।

वहीं, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जरूरत पड़ने पर प्रभावित इलाकों में तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू करने के लिए टीमें तैयार हैं। राज्य स्तर पर भी SDRF और स्थानीय प्रशासन को अलर्ट मोड में रखा गया है।

अमित शाह ने नेपाल में आई आपदा पर दुख जताते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत नेपाल के साथ खड़ा है। केंद्र सरकार बिहार और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रशासन को लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

फिलहाल प्रशासन की नजर नदी के जलस्तर और नेपाल से आने वाले पानी पर बनी हुई है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments