तीसरी सोमवारी पर बाबा धाम में आस्था का सैलाब, ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजा देवघर
विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले की तीसरी सोमवारी पर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रविवार रात से ही देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे कांवरियों का रेला बाबाधाम की ओर बढ़ता रहा। सोमवार सुबह होते-होते पूरा देवघर श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंग गया। चारों ओर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष सुनाई दे रहे थे। बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलार्पण के लिए श्रद्धालु लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। आस्था और उत्साह का ऐसा माहौल बना कि पूरा बाबाधाम शिवमय हो उठा।


