रांची :- बेंगलुरु से रांची आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान में रविवार सुबह एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। यात्री को सांस लेने में परेशानी होने पर विमान के चालक दल ने तत्काल ऑक्सीजन देकर उसकी स्थिति संभाली। यात्री की हालत स्थिर रहने के बाद विमान ने सुबह 8.55 बजे रांची एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड किया।
उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद बिगड़ी तबीयत
एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX 1239 ने बेंगलुरु से सुबह 6.35 बजे रांची के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद एक यात्री को सांस लेने में परेशानी होने लगी। स्थिति को देखते हुए पायलट और केबिन क्रू ने विमान में उपलब्ध ऑक्सीजन की मदद से यात्री को राहत पहुंचाई।
रांची एयरपोर्ट पर विमान के उतरने के बाद यात्री की स्वास्थ्य जांच की गई। स्थिति स्थिर पाए जाने के बाद यात्री को घर जाने दिया गया।
ऑक्सीजन बोतलों की व्यवस्था में हुई देरी
यात्री को ऑक्सीजन दिए जाने के बाद विमान में पर्याप्त ऑक्सीजन बोतलों की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी हो गया। रांची से बेंगलुरु जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX 1244 को सुबह 9.35 बजे रवाना होना था, लेकिन ऑक्सीजन बोतलों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण उड़ान में देरी हुई।
दूसरे विमान से मंगाई गई ऑक्सीजन बोतलें
एयरलाइन ने दिल्ली से आने वाली उड़ान के जरिए आवश्यक ऑक्सीजन बोतलें मंगाईं। व्यवस्था पूरी होने के बाद रांची से बेंगलुरु जाने वाली उड़ान ने दोपहर 1.51 बजे उड़ान भरी। इस तरह फ्लाइट निर्धारित समय से 4 घंटे 16 मिनट की देरी से रवाना हुई।
यात्रियों को करना पड़ा लंबा इंतजार
फ्लाइट में देरी के कारण बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों को रांची एयरपोर्ट पर कई घंटे इंतजार करना पड़ा। जिन यात्रियों को बेंगलुरु से आगे कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़नी थी, उनकी परेशानी और बढ़ गई। देरी के कारण उनकी आगे की यात्रा भी प्रभावित होने की आशंका बनी रही।


