रांची:- 23 अगस्त 2026। झारखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 25 से 27 अगस्त के बीच राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान रांची समेत मध्यवर्ती और दक्षिण-पश्चिमी जिलों में बारिश का जोर देखने को मिल सकता है।
25 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, 25 अगस्त को दक्षिण-पश्चिमी जिलों गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के अलावा मध्यवर्ती जिले खूंटी में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
26 अगस्त को भी बारिश का जोर
26 अगस्त को उत्तर-पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। इस दौरान गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के साथ लोहरदगा और खूंटी में भी भारी बारिश हो सकती है।
27 अगस्त को रांची समेत कई जिलों में अलर्ट
27 अगस्त को रांची, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा और धनबाद में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, निकटवर्ती उत्तर-पश्चिमी जिले चतरा और उत्तर-पूर्वी जिले गिरिडीह में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।


