रांची:- अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन, रजि. झारखंड की ओर से रविवार को हटिया स्थित होटल बिशु पैलेस में स्वर्णकार सावन महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। झारखंड में पहली बार आयोजित इस पारिवारिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम में समाज की महिलाओं सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए। समारोह में 300 से अधिक महिलाओं की मौजूदगी रही, जिससे पूरा आयोजन उत्साह और उमंग से सराबोर रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी दिव्यानंद जी महाराज, प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सोनी, धर्मेंद्र सोनी सहित अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद सावन की थीम पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ।
पारंपरिक परिधानों में पहुंचीं महिलाओं ने सावन गीतों और लोकप्रिय फिल्मी गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर समारोह में रंग जमा दिया। महिलाओं की आकर्षक प्रस्तुतियों और उत्साहपूर्ण भागीदारी से कार्यक्रम स्थल पर पूरे समय उत्सव का माहौल बना रहा।
आयोजन के दौरान महिलाओं के लिए कई तरह के मनोरंजक खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य गतिविधियां करायी गयीं। प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और एक-दूसरे का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले पदाधिकारियों एवं सदस्यों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। वहीं समारोह में शामिल सभी महिलाओं को भी मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समाज के कई गणमान्य पदाधिकारी रहे मौजूद
समारोह में प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सोनी, रमेश बाली, मनोज सोनी, शंभू प्रसाद, रविन्द्र नाथ साहू, बद्री प्रसाद, भोला जी, शिव बालक, अजय प्रसाद पिंटू, त्रिभुवन प्रसाद, अरुण वर्मा, दिनेश प्रसाद, दिगम्बर प्रसाद, पंकज प्रसाद, डॉ. पंकज सोनी, गोपाल प्रसाद, राजेश सोनी, राजेश कुमार, पिया बर्मन, नम्रता सोनी, पारस सोनी, अरुण कुमार, उमेश प्रसाद, लक्ष्मी नारायण स्वर्णकार, सुरेश प्रसाद, पार्षद बबली सोनी और रमेश बर्मन सहित समाज के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
आयोजकों के अनुसार, सावन महोत्सव का उद्देश्य सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं है। इसके माध्यम से समाज के परिवारों को एक मंच पर लाना, आपसी भाईचारे एवं सामाजिक एकता को मजबूत करना और महिलाओं की प्रतिभाओं को सामने लाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वर्णकार समाज की पारिवारिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिली। पदाधिकारियों ने कहा कि आने वाले समय में भी सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजन जारी रखे जाएंगे।
संगठन के प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं पत्रकार सुनील पोद्दार ने कहा कि स्वर्णकार सावन महोत्सव-2026 समाज के लिए एक महत्वपूर्ण और नई पहल है। 300 से अधिक महिलाओं की भागीदारी और समाज के पदाधिकारियों व सदस्यों के सहयोग ने आयोजन को सफल बनाया। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।


