रांची: JPSC-JSSC नियुक्ति महाघोटाले की CBI जांच की मांग को लेकर भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि CBI जांच की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट द्वारा हेमंत सरकार समेत संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया जाना छात्रों के संघर्ष में सकारात्मक कदम है। उन्होंने इसे CBI जांच की दिशा में आगे बढ़ता महत्वपूर्ण कदम बताया।
आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड सरकार और उसकी एजेंसियां न्याय का अंतिम दरवाजा नहीं हैं। छात्रों के अधिकार और भविष्य की लड़ाई अब देश की सर्वोच्च अदालत तक पहुंच चुकी है। उन्होंने दावा किया कि JSSC और JPSC के माध्यम से कथित तौर पर नौकरी बेचने और युवाओं के साथ हुए धोखे की CBI जांच की मांग को लेकर दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट की कार्रवाई से छात्रों में न्याय की उम्मीद जगी है।
सरकार से पूछा- CBI जांच से क्यों भाग रही है?
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सुनवाई के दौरान कोर्ट की ओर से सक्षम एजेंसी से जांच की आवश्यकता की संभावना पर टिप्पणी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने हेमंत सरकार से सवाल किया कि आखिर वह CBI जांच से क्यों बच रही है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बचाने की कोशिश क्यों की जा रही है।
राहुल गांधी और हेमंत सोरेन पर भी साधा निशाना
आदित्य साहू ने राहुल गांधी और हेमंत सोरेन पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि छात्रों के आंदोलन के साथ छल किया गया और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रतिबंधित करने की कोशिश हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के बाद झूठे मुकदमे दर्ज किए गए।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से कराई जा रही CID जांच महज खानापूर्ति है और इसके जरिए मुख्य सरगना तथा बड़ी मछलियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। भाजपा नेता ने दावा किया कि JPSC-JSSC नियुक्ति मामलों की सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
भाजपा की सरकार बनी तो पहली कैबिनेट में फैसला: आदित्य साहू
आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर पहली ही कैबिनेट बैठक में नियुक्ति से जुड़े सभी मामलों की CBI जांच की अनुशंसा और छात्रों पर दर्ज कथित झूठे मुकदमों को वापस लेने का फैसला किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के साथ खड़ी है और जब तक दोषियों का चेहरा बेनकाब नहीं होता तथा युवाओं को न्याय नहीं मिलता, तब तक पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।


