रांची:- रांची पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और दो मास्टर चाबियां बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों में तमाड़ के नीचे टोली निवासी गणेश दास (करीब 30 वर्ष) और रायडीह नीचे बस्ती निवासी बुधेश्वर मुंडा (करीब 30 वर्ष) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 की सुबह करीब 6 बजे से 7:30 बजे के बीच योगेंद्र साव की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल को लालपुर थाना क्षेत्र के आदिवासी ग्राउंड के पास से अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया था। मामले में लालपुर थाना कांड संख्या 181/26 दर्ज कर जांच शुरू की गयी थी।
वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर मोटरसाइकिल एवं स्कूटी चोरी से जुड़े मामलों के उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी दल का गठन किया गया। इसी क्रम में 23 अगस्त को मोरहाबादी पानी टंकी ग्राउंड के पास पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम गणेश दास बताया।
पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में गणेश दास ने मोटरसाइकिल चोरी के लिए मोरहाबादी आने की बात स्वीकार की। उसने पुलिस को बताया कि पूर्व में भी कई मोटरसाइकिल चोरी कर तमाड़ के ग्रामीण इलाकों में बेच चुका है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तीन चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की। इसके बाद उसके सहयोगी बुधेश्वर मुंडा को भी गिरफ्तार किया गया।
तीन बाइक, मोबाइल और मास्टर चाबी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक ग्रे-ब्लैक रंग की हीरो होंडा ग्लैमर, एक ब्लू-ब्लैक रंग की ग्लैमर (HE) और एक लाल-ब्लैक रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा एक काले रंग का ओप्पो मोबाइल और दो मास्टर चाबियां भी मिली हैं।
पुलिस के मुताबिक, बरामद बाइक में एक का नंबर BR02U4399, दूसरी का JH24E4470 और तीसरी का JH01EJ1788 है।
गणेश दास का आपराधिक इतिहास भी मिला
जांच के दौरान पुलिस को गणेश दास के पूर्व आपराधिक इतिहास की भी जानकारी मिली है। उसके खिलाफ गम्हरिया थाना कांड संख्या 30/26, दिनांक 29 मई 2026 को BNS की धारा 303(2)/317(2) के तहत मामला दर्ज पाया गया है। पुलिस के अनुसार, गणेश दास पूर्व में जेल भी जा चुका है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। छापामारी दल में थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह, मोरहाबादी टीओपी प्रभारी राहुल, दीपक कुमार सिन्हा, कृष्णा सोरेन, अमृत खलखो, रमेश कुमार, उदय कुमार सिंह सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


