हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र में एक आदिवासी महिला के साथ कथित दुष्कर्म और उसके बाद बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका पैर टूट गया। उसे इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला कटकमदाग में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करती थी। उसके पड़ोस में बिहार के कुछ युवक भी किराए पर रहते थे। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि एक परिचित युवक उसके घर में घुस आया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद कुछ अन्य लोग भी उसके घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि काफी देर तक मारपीट किए जाने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका पैर टूट गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने महिला को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद कटकमदाग थाना में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

