गिरिडीह जिले के गांडेय-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर रकसकुटो गांव में मंगलवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। करम पूजा देखकर घर लौट रहे चार वर्षीय मासूम की पिकअप वैन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया, जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने पिकअप चालक क
गिरिडीह जिले के गांडेय-गिरिडीह मुख्य मार्ग स्थित रकसकुटो गांव में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम हिमांशु कुमार की मौत हो गई। हिमांशु गांव निवासी दिनेश मंडल का पुत्र था।
बताया गया कि गांव में करम पर्व को लेकर महिलाएं और युवतियां करम डाली की पूजा कर रही थीं। हिमांशु भी पूजा देखने गया था। पूजा के बाद वह घर लौट रहा था। इसी दौरान अहिल्यापुर की ओर से तेज गति से आ रही पिकअप वैन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन तत्काल उसे गांडेय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने बच्चे को बचाने के लिए सीपीआर समेत तमाम प्रयास किए, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी रही। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह रेफर किया गया। हालांकि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातम पसर गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पिकअप चालक को पकड़ लिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।


