रांची: झारखंड के 26 मासूम बच्चों के लिए राहत भरी खबर है। दिल की जटिल बीमारी से जूझ रहे इन बच्चों को नि:शुल्क इलाज के लिए कोच्चि भेजा गया है। डॉ. इरफान अंसारी के अनुसार, इन बच्चों के इलाज पर 10 लाख रुपये तक का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
डॉ. इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से बताया कि बच्चों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण किसी भी बच्चे का इलाज नहीं रुकना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन में सरकार लोगों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को प्राथमिकता दे रही है। सरकार का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को समय पर इलाज उपलब्ध कराकर उन्हें बेहतर जीवन देने में मदद करना है।
डॉ. अंसारी ने ग्रामीण क्षेत्रों के परिवारों से भी अपील की कि यदि किसी बच्चे को हृदय संबंधी बीमारी है और परिवार इलाज का खर्च उठाने में सक्षम नहीं है, तो स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सरकार इलाज के लिए हरसंभव मदद करेगी।
उन्होंने कहा, “किसी की जान बचाना, किसी बच्चे को नया जीवन देना—मेरे लिए यही सबसे बड़ा काम और सबसे बड़ी सेवा है।”


