जमशेदपुर। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने पश्चिमी सिंहभूम जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बंदगांव थाना प्रभारी मनीष कुमार को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, बंदगांव थाना में NDPS एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में आरोपी का नाम हटाने के एवज में थाना प्रभारी द्वारा 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। इसकी शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने पहले मामले का सत्यापन किया।
शिकायत सही पाए जाने के बाद ACB ने जाल बिछाया। जैसे ही थाना प्रभारी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम थाना प्रभारी से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


