घाघरा (गुमला): झारखंड के गुमला जिले के घाघरा थाना मुख्यालय स्थित हॉस्पिटल मोड़ के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार 22 वर्षीय श्याम पुरकी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक चाईबासा का रहने वाला बताया जा रहा है। वह नेतरहाट घूमने जा रहा था। इसी दौरान पुटो रोड की ओर से निकलते समय उसकी स्कूटी तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई।
शव को करीब 500 मीटर तक घसीटता रहा ट्रक
हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद ट्रक स्कूटी और युवक को घसीटते हुए आगे बढ़ता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक में फंसे युवक के शव को करीब 500 मीटर तक घसीटा गया, जबकि स्कूटी लगभग डेढ़ किलोमीटर तक घिसटती चली गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग हादसे की भयावहता देखकर सहम गए।
पुलिस ने ट्रक किया जब्त, चालक फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और ट्रक का पीछा कर उसे जब्त कर लिया। पुलिस ने ट्रक में फंसी स्कूटी को भी बाहर निकलवाया। हालांकि, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घायल युवक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
सड़क सुरक्षा और पेट्रोलिंग व्यवस्था पर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने मुख्यालय के प्रमुख मोड़ पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि भीड़भाड़ वाले इलाके और प्रमुख मोड़ पर ही इस तरह की दुर्घटनाएं हो रही हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?
घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा, भारी वाहनों की आवाजाही और पुलिस पेट्रोलिंग व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब लोगों की नजर प्रशासन पर है कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

