**धनबाद :-**धनबाद के पूर्वी टुंडी थाने का ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस संसाधनों, सुरक्षा व्यवस्था और आम लोगों से जुड़ी समस्याओं की विस्तृत समीक्षा की। एसपी ने अपराध नियंत्रण, नशे की तस्करी और साइबर ठगी पर प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीण एसपी ने सबसे पहले थाने में तैनात पुलिस बल, वाहनों और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीण और सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ उपलब्ध मैनपावर का बेहतर इस्तेमाल करने का निर्देश दिया। चोरी और साइबर अपराध की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए चेकपोस्ट पर सघन जांच और गश्ती अभियान को तेज करने पर भी जोर दिया गया।
महिला और बाल सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एसपी ने थाने की हेल्पडेस्क और त्वरित रिस्पॉन्स टीम को हमेशा अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि थाने में आने वाले फरियादियों की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से निवारण किया जाए, ताकि आम लोगों का पुलिस पर भरोसा कायम रहे।
ग्रामीण एसपी ने आम लोगों से अपील करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि यदि थाना स्तर पर किसी शिकायत की सुनवाई नहीं होती है, तो फरियादी डीएसपी, एसपी या एसएसपी के समक्ष अपनी शिकायत रख सकते हैं। वहां भी समाधान नहीं मिलने पर वे न्यायालय का रुख कर सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग को लेकर अधिकारियों के साथ आवश्यक दिशा-निर्देश साझा किए गए। एसपी ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

