रांची: राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जेपी मार्केट स्थित ‘टेस्टी अंदाज फूड कॉर्नर’ में पनीर टिक्का का ऑर्डर परोसने में हुई देरी को लेकर हुए विवाद में एक कारीगर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अजय दास के रूप में हुई है। घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
पनीर टिक्का में देरी को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात एक ग्राहक और फूड कॉर्नर में काम करने वाले कारीगर अजय दास के बीच ऑर्डर को लेकर विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि पनीर टिक्का परोसने में देरी होने से ग्राहक नाराज था। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और आरोपी ने फूड कॉर्नर में रखे चाकू से अजय दास के गले पर वार कर दिया। हमले में अजय की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद जेपी मार्केट इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अचानक हुई इस वारदात से स्थानीय दुकानदारों और लोगों में दहशत फैल गई।
चार बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
इस घटना ने अजय दास के परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। परिजनों के मुताबिक, अजय की चार बेटियां हैं और उसकी पत्नी ब्रेन ट्यूमर की बीमारी से पीड़ित है। परिवार की जिम्मेदारी अजय के कंधों पर थी। उसकी हत्या के बाद परिवार के सामने आर्थिक और सामाजिक संकट खड़ा हो गया है।
परिजनों ने इस घटना पर दुख जताते हुए परिवार की स्थिति और भविष्य को लेकर चिंता जाहिर की।
आरोपी अमित कुमार गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद
वारदात की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फूड कॉर्नर में रखे चाकू से ही हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।
इस मामले में रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। वहीं, इस घटना के बाद अजय के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। चार बेटियों और बीमार पत्नी के सामने अब जीवनयापन की चुनौती खड़ी हो गई है। ऐसे में पीड़ित परिवार को सरकारी स्तर पर आर्थिक सहायता और जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने की मांग भी उठ रही है।
