रांची: राजधानी रांची में अवैध हथियारों की तस्करी का मामला सामने आया है। लोअर बाजार थाना क्षेत्र के विक्रांत चौक स्थित होटल अलबेला बिरयानी के संचालक के परिवार पर हथियार तस्करी में शामिल होने का आरोप लगा है। पुलिस की छापेमारी के दौरान हथियारों से भरे दो बैग लेकर आरोपियों के फरार होने की बात सामने आई है। मामले में छह लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि विक्रांत चौक के पास अवैध हथियारों का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने होटल अलबेला बिरयानी के संचालक के परिवार से जुड़े ठिकाने पर छापेमारी की।
आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान खिड़की से हथियारों से भरे दो बैग और एक दोनाली बंदूक नीचे फेंकी गई। पुलिस ने मौके पर खड़ी एक कार के नीचे से दोनाली बंदूक बरामद कर ली। वहीं, दो बैग लेकर आरोपी बुलेट बाइक से फरार हो गए।
इस मामले में फैज अली, साजन समेत कुल छह लोगों के खिलाफ लोअर बाजार थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियारों से भरे बैग की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है।
सिटी एसपी पारस राणा ने मामले को लेकर जानकारी दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हथियारों की तस्करी के इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
