HomeJharkhandरांची में 5 दिसंबर से शुरू होगा अत्याधुनिक स्लॉटर हाउस का ट्रायल,...

रांची में 5 दिसंबर से शुरू होगा अत्याधुनिक स्लॉटर हाउस का ट्रायल, नगर आयुक्त ने एजेंसी को दी ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी

रांची। राजधानी रांची में शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण मांस उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम ने पहल तेज कर दी है। कांके स्थित पांच एकड़ में बने अत्याधुनिक स्लॉटर हाउस का संचालन दोबारा शुरू करने की तैयारी है। शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने स्लॉटर हाउस का निरीक्षण कर 5 दिसंबर से ट्रायल रन शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा नहीं होने पर संबंधित एजेंसी को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्लॉटर हाउस की मशीनों, आधारभूत संरचना, स्वच्छता व्यवस्था और आसपास के क्षेत्र का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि पहले इस स्लॉटर हाउस का संचालन M/s ARSH & ELHAM LIVESTOCK EXPORTERS द्वारा किया जा रहा था, लेकिन फिलहाल इसका संचालन बंद है।

आधुनिक मशीनों और जांच की है व्यवस्था

स्लॉटर हाउस में पशुओं के वध, मांस की कटाई और सफाई के लिए अत्याधुनिक मशीनें लगाई गई हैं। यहां पशु चिकित्सक की निगरानी में वध से पहले पशुओं की चिकित्सकीय जांच और मांस की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की व्यवस्था भी है। शहर की मांस दुकानों तक आपूर्ति के लिए दो डीप फ्रीजर युक्त वाहनों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। आम नागरिक भी निर्धारित शुल्क देकर अपने पशुओं का हलाल या झटका विधि से वध करवा सकेंगे।

अवैध मांस दुकानों पर लगेगी रोक

नगर आयुक्त ने संबंधित एजेंसी को सभी लंबित मैकेनिकल और सिविल कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्लॉटर हाउस का संचालन शुरू होने से मांस के वध और आपूर्ति की प्रक्रिया व्यवस्थित होगी। साथ ही अवैध एवं अस्वच्छ तरीके से संचालित मांस दुकानों पर नियंत्रण करने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा स्वच्छता शाखा को परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने, झाड़ियों एवं घास की कटाई कराने का निर्देश दिया गया। मुख्य भवन, वाहन पड़ाव, बाउंड्री वॉल और विद्युत व्यवस्था सहित सभी जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त करने को कहा गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments