रांची: वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले रांची निवासी राजा कुमार बंसी का पार्थिव शरीर रांची लाने के लिए जिला प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत प्रशासन संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई कर रहा है।
इसी सिलसिले में मृतक के परिजनों ने मंगलवार को रांची के जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री से समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित उनके कार्यालय कक्ष में मुलाकात की। परिजनों ने पार्थिव शरीर को जल्द रांची लाने को लेकर प्रशासन से सहयोग की अपील की।
प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, कैलाश नगर निवासी राजा कुमार बंसी की 25 सितंबर 2026 को वियतनाम में हुई सड़क दुर्घटना के बाद 26 सितंबर की सुबह मौत हो गई थी। घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है।
जिला प्रशासन ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश के अनुरूप पार्थिव शरीर को जल्द रांची लाने के लिए सभी जरूरी प्रशासनिक कदम उठाए जा रहे हैं। संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ समन्वय कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रशासन ने कहा कि शोकाकुल परिवार को आवश्यक सहयोग और राहत पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस दौरान शांति समिति के सदस्य जय सिंह यादव, रांची नगर निगम के वार्ड संख्या-27 के वार्ड पार्षद और मृतक के परिजन मौजूद रहे।


