रांची: दुर्गापूजा के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में विभिन्न पूजा समितियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, पंडाल निर्माण, बिजली सुरक्षा और विसर्जन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी पूजा समितियों से आपसी समन्वय बनाते हुए एक दिन विसर्जन के लिए आम सहमति बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक समन्वय से विसर्जन के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकेगा।
पूजा समितियों ने दिए सुझाव
बैठक में विभिन्न पूजा समितियों की ओर से पूजा आयोजन के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं से जुड़े सुझाव दिए गए। पूजा समितियों की समस्याओं और सुझावों पर जिला प्रशासन ने समन्वय के साथ आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिया गया कि पंडाल निर्माण से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक जारी सभी सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। पूजा समितियों से नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित वातावरण में आयोजन कराने की अपील की गई।
बिजली सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी
बैठक में बिजली सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। पूजा समितियों को निर्देश दिया गया कि बिजली के खंभों और ट्रांसफॉर्मर से सटाकर पंडाल या तोरण द्वार का निर्माण नहीं किया जाए। बिजली के तारों और अन्य विद्युत उपकरणों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने को कहा गया, ताकि पूजा के दौरान किसी तरह की दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके।
जिला प्रशासन ने पूजा समितियों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने और प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों के मुताबिक, दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।


