HomeCrimeहजारीबाग में नकली शराब के ठिकाने पर छापा, 350 पेटी जब्त, एक...

हजारीबाग में नकली शराब के ठिकाने पर छापा, 350 पेटी जब्त, एक गिरफ्तार

हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के दारू थाना क्षेत्र में दुर्गापूजा से पहले नकली शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस और उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार को संयुक्त टीम ने हरली गांव में लक्ष्मण प्रसाद के घर छापेमारी की। इस दौरान करीब 350 पेटी नकली शराब जब्त की गई और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। जब्त शराब और अन्य सामान की अनुमानित बाजार कीमत 25 से 30 लाख रुपये बताई जा रही है।

छापेमारी के दौरान टीम को रॉयल स्टैग और रॉयल चैलेंजर ब्रांड की भरी हुई बोतलों के साथ बड़ी संख्या में खाली बोतलें, रैपर और नकली शराब मिली। इतनी बड़ी मात्रा में शराब और पैकिंग सामग्री मिलने के बाद नकली शराब के कारोबार की आशंका गहरा गई है। हालांकि, शराब का निर्माण मौके पर किया जा रहा था या इसे कहीं और तैयार कर यहां रखा गया था, इसकी जांच की जा रही है।

दुर्गापूजा में खपाने की आशंका

त्योहारी सीजन में शराब की बढ़ती मांग को देखते हुए इतनी बड़ी मात्रा में नकली शराब की बरामदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आशंका जताई जा रही है कि नकली शराब को दुर्गापूजा के दौरान बाजार में खपाने की तैयारी थी। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

खाली बोतल और रैपर मिलने से बढ़ी जांच का दायरा

छापेमारी के दौरान भरी हुई बोतलों के साथ खाली बोतलें और विभिन्न ब्रांड के रैपर भी बरामद किए गए हैं। इससे असली ब्रांड के नाम पर नकली शराब की पैकिंग किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम इस बात की जांच कर रही है कि इस कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं और शराब की आपूर्ति कहां से की जा रही थी।

सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

संयुक्त टीम अब नकली शराब के स्रोत, भंडारण और सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद शराब किन इलाकों में भेजी जानी थी और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है।

नकली शराब से रहें सावधान

नकली शराब का सेवन जानलेवा साबित हो सकता है। ऐसे में लोगों से अपील है कि अनधिकृत ठिकानों से शराब न खरीदें और संदिग्ध शराब की सूचना पुलिस या उत्पाद विभाग को दें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments