रांची: छठ महापर्व को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। लाखों छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों की टीम के साथ शहर के प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान कांकें डैम, हटानिया तालाब (मछली घर), चड़री तालाब, बड़ा तालाब, धुर्वा डैम और बटन तालाब (डोरंडा) की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने घाटों की मौजूदा स्थिति, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। उन्होंने छठ पूजा समितियों के पदाधिकारियों और सदस्यों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि छठ महापर्व आस्था का पर्व है और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि व्रतियों को पूजा और अर्घ्य देने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
घाटों की सफाई और जल की स्वच्छता पर विशेष जोर
उपायुक्त ने रांची नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पर्व से पहले सभी चिन्हित घाटों की पूरी तरह साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। घाटों की सीढ़ियों पर जमी काई को तत्काल हटाने, आवश्यकतानुसार डीडीटी का छिड़काव करने और जल की स्वच्छता बनाए रखने को कहा गया। साथ ही छठ के दौरान सफाईकर्मियों की लगातार तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि घाटों पर गंदगी जमा न हो।
धुर्वा डैम पर आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
धुर्वा डैम के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने घाट पर लगी जाली के कारण श्रद्धालुओं के आवागमन में संभावित परेशानी पर ध्यान दिया। भारी भीड़ को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। घाट क्षेत्र की सघन सफाई, पर्याप्त रोशनी और अर्घ्य देने के बाद महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग अस्थायी चेंजिंग रूम बनाने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा एनडीआरएफ टीम को घाट पर सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
सभी विभागों को समय पर तैयारी पूरी करने का निर्देश
उपायुक्त ने नगर निगम, भवन निर्माण विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया कि घाटों पर जरूरी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि छठव्रतियों और अर्घ्य देने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी विशेष निगरानी रखें।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न छठ पूजा समितियों के सदस्यों ने उपायुक्त और अधिकारियों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही पर्व की तैयारियों में प्रशासन के सहयोग के लिए आभार जताया।
जतरा मेला की तैयारियों की भी समीक्षा
छठ घाटों के निरीक्षण के अलावा उपायुक्त बारह पड़हा जतरा पूजा समिति, मिसिर गोंदा, कांकें रोड भी पहुंचे। यहां उन्होंने जतरा मेला की तैयारियों को लेकर समिति के सदस्यों से चर्चा की। जतरा स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम को तत्काल अतिक्रमण हटाने और रास्ते को सुगम बनाने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
प्रशासन ने पूजा समितियों से मांगा सहयोग
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने छठ पूजा समितियों से जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पूजा समितियों के आपसी सहयोग से ही छठ महापर्व को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सकता है।
निरीक्षण कार्यक्रम में अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) राकेश सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) कुमार रजत, ट्रेनी आईएएस अधिकारी आस्था शरण, नजारत उप समाहर्ता डॉ. सुदेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और छठ पूजा समितियों के सदस्य मौजूद रहे।
जिला प्रशासन का कहना है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

