जमशेदपुर:– जुगसलाई पुलिस ने एक व्यक्ति की हत्या की कथित साजिश का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर आजाद खटाल मैदान की झाड़ियों से दो भारी धारदार लोहे के हथियार और एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, घाघीडीह जेल में बंद मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ के गिरोह की ओर से पहलवानडेरा, जुगसलाई निवासी मो. निजाम की हत्या कराने की कथित साजिश रची जा रही थी। निजाम ने 19 सितंबर को पुलिस को सूचना देकर बताया था कि खुर्शीद उर्फ भाकुड़ अपने गिरोह के सदस्यों की मदद से उसकी हत्या कराने का लगातार प्रयास कर रहा है।
सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर कार्रवाई शुरू की गई। मामले की जांच के लिए डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर आजाद खटाल मैदान की झाड़ियों से हथियार बरामद किए गए।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और कथित हत्या की साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


