HomeJharkhandनिरसा में अवैध कोयला खनन पर फिर भड़के विधायक अरूप चटर्जी, राजा...

निरसा में अवैध कोयला खनन पर फिर भड़के विधायक अरूप चटर्जी, राजा कोलियरी के मुहाने का किया निरीक्षण

निरसा: निरसा में अवैध कोयला खनन और तस्करी का मामला एक बार फिर चर्चा में है। निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने राजा कोलियरी में अवैध खनन के मुहाने पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। खदान के आसपास बड़े पैमाने पर हो रही अवैध गतिविधियों को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल कार्रवाई की मांग की।

विधायक अरूप चटर्जी ने आरोप लगाया कि राजा कोलियरी से बड़े पैमाने पर अवैध रूप से कोयले की निकासी की जा रही है। उनके मुताबिक, कोलियरी का करीब 25 प्रतिशत कोयला अवैध उत्खनन के जरिए निकाला जा चुका है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन का मुहाना निरसा बाजार तक पहुंच गया है, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

विधायक ने स्थानीय प्रशासन और सीआईएसएफ की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद अवैध खनन पर रोक नहीं लग पा रही है। निरसा के लोग सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने ईसीसीएल प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि अवैध खनन रोकना कंपनी की जिम्मेदारी है। यदि प्रबंधन इस पर रोक लगाने में सक्षम नहीं है, तो कोलियरी बंद कर दे या फिर हर सप्ताह नियमित कार्रवाई करे।

अरूप चटर्जी ने बताया कि कुछ दिन पहले भी उन्होंने इसी अवैध मुहाने का निरीक्षण किया था। उस समय कुछ दिनों तक खनन बंद रहा, लेकिन अब फिर से अवैध उत्खनन शुरू हो गया है। उनका आरोप है कि निरसा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न थाना और ओपी क्षेत्रों में रात के अंधेरे के साथ-साथ दिन के उजाले में भी अवैध खनन जारी है।

भाजपा नेता ने विधायक की भूमिका पर उठाए सवाल

वहीं, इस मामले पर भाजपा के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह ने विधायक अरूप चटर्जी की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने विधायक के निरीक्षण को नौटंकी बताते हुए कहा कि सत्ता पक्ष के विधायक होने के बावजूद उनके घर से कुछ ही दूरी पर वर्षों से अवैध खनन होता रहा है। अब वे कार्रवाई की मांग क्यों कर रहे हैं?

भूपेंद्र सिंह ने कहा कि विधायक ने पहले भी समर्थकों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर उतरकर अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया था, लेकिन इसका क्या परिणाम निकला? उन्होंने सवाल किया कि क्या निरसा में कोयला चोरी बंद हो गई है? भाजपा नेता ने कहा कि यदि अवैध खनन के कारण कोई बड़ी दुर्घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? उन्होंने विधायक से जनता को जवाब देने की मांग की।

फिलहाल, राजा कोलियरी में अवैध खनन को लेकर विधायक के आरोप और भाजपा नेता की प्रतिक्रिया के बाद स्थानीय स्तर पर यह मुद्दा फिर गरमा गया है। अब देखना होगा कि ईसीसीएल प्रबंधन और संबंधित प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments