झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का पार्थिव शरीर पोस्टमार्टम के बाद जमशेदपुर से रांची लाया गया है। तृषा का अंतिम संस्कार रांची में किया जाएगा।
तृषा सिंह समेत चार युवाओं की गुरुवार तड़के करीब 3 बजे जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित दोमुहानी मरीन ड्राइव पर सड़क हादसे में मौत हो गई थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक तेज रफ्तार सफेद स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोग अंदर फंस गए।
रेस्क्यू टीम ने गैस कटर की मदद से क्षतिग्रस्त कार को काटकर शवों को बाहर निकाला। मृतकों की पहचान तृषा सिंह, सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के रूप में हुई है। तृषा 18 वर्ष की थीं और कार्मेल जूनियर कॉलेज में 12वीं की छात्रा थीं।
घटना की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई नेताओं ने दीपिका पांडेय सिंह और अन्य शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।


