जमशेदपुर:- घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के विधायक सोमेश सोरेन के कारकेड की स्कॉट गाड़ी बुधवार को एनएच-18 पर सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में विधायक की सुरक्षा में तैनात चार जवान घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हादसे में चालक आशीष शर्मा, रोहित वर्मा तथा बॉडीगार्ड पोलिश किस्कु और सुरई हेंब्रम घायल हुए हैं। अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद रोहित वर्मा को अपेक्षाकृत अधिक चोट लगने की जानकारी सामने आई है, जबकि अन्य घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस को दी गई। इसके बाद विधायक सोमेश सोरेन ने घायल सुरक्षाकर्मियों को तत्काल अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। सभी घायलों का टाटा मोटर्स अस्पताल में इलाज जारी है।
हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसे लेकर स्थानीय पुलिस ने जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।


