HomeJharkhandझारखंड में मैट्रिक-इंटर की परीक्षा देना हुआ महंगा, JAC ने लगातार दूसरे...

झारखंड में मैट्रिक-इंटर की परीक्षा देना हुआ महंगा, JAC ने लगातार दूसरे साल बढ़ाई फीस, दो साल में 40% तक बढ़ोतरी

रांची: झारखंड के मैट्रिक और इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने वर्ष 2027 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए परीक्षा शुल्क में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। नई दरों के अनुसार, विद्यार्थियों को पिछले साल की तुलना में 120 रुपये अधिक परीक्षा शुल्क देना होगा। खास बात यह है कि पिछले दो वर्षों में परीक्षा शुल्क में करीब 40 प्रतिशत तक की वृद्धि हो चुकी है। इससे राज्य के लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।

12 नवंबर से शुरू होंगे परीक्षा फॉर्म

जैक की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मैट्रिक और इंटर परीक्षा 2027 के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू हो रही है। विद्यार्थी बिना विलंब शुल्क के 26 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे। वहीं, विलंब शुल्क के साथ फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर निर्धारित की गई है।

परीक्षार्थियों को जैक की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। मैट्रिक और इंटर की परीक्षाएं फरवरी 2027 के पहले सप्ताह में शुरू होने की संभावना है।

मैट्रिक परीक्षा के लिए कितना देना होगा शुल्क?

नई व्यवस्था के तहत मैट्रिक परीक्षा में छात्राओं और ओबीसी, एससी एवं एसटी वर्ग के विद्यार्थियों को बिना विलंब शुल्क के 1,100 रुपये देने होंगे। वहीं, सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के छात्रों को 1,300 रुपये परीक्षा शुल्क जमा करना होगा।

प्राइवेट परीक्षार्थियों के लिए भी 1,300 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।

इंटर परीक्षा का नया शुल्क

इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए भी शुल्क में बढ़ोतरी की गई है। छात्राओं और ओबीसी, एससी एवं एसटी वर्ग के विद्यार्थियों को अब 1,220 रुपये देने होंगे। जबकि सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के छात्रों तथा प्राइवेट परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 1,520 रुपये निर्धारित किया गया है।

समय सीमा समाप्त होने के बाद फॉर्म जमा करने वाले सभी श्रेणियों के विद्यार्थियों को 500 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क देना होगा।

दो साल में इस तरह बढ़ा परीक्षा शुल्क

जैक की ओर से लगातार दूसरे साल परीक्षा शुल्क में बढ़ोतरी की गई है। पिछले दो वर्षों के शुल्क पर नजर डालें तो मैट्रिक और इंटर दोनों परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों को पहले की तुलना में काफी अधिक राशि खर्च करनी पड़ रही है।

मैट्रिक परीक्षा शुल्क:

  • वर्ष 2025: आरक्षित वर्ग और छात्राओं के लिए 740 रुपये, सामान्य वर्ग के लिए 940 रुपये।
  • वर्ष 2026: आरक्षित वर्ग और छात्राओं के लिए 980 रुपये, सामान्य वर्ग के लिए 1,180 रुपये।
  • वर्ष 2027: आरक्षित वर्ग और छात्राओं के लिए 1,100 रुपये, सामान्य वर्ग के लिए 1,300 रुपये।

इंटरमीडिएट परीक्षा शुल्क:

  • वर्ष 2025: आरक्षित वर्ग और छात्राओं के लिए 910 रुपये, सामान्य वर्ग के लिए 1,210 रुपये।
  • वर्ष 2026: आरक्षित वर्ग और छात्राओं के लिए 1,100 रुपये, सामान्य वर्ग के लिए 1,400 रुपये।
  • वर्ष 2027: आरक्षित वर्ग और छात्राओं के लिए 1,220 रुपये, सामान्य वर्ग के लिए 1,520 रुपये।

जैक के फैसले पर उठ रहे सवाल

गौरतलब है कि वर्ष 2026 में भी जैक ने नौवीं, 11वीं, मदरसा, मध्यमा, मैट्रिक, इंटर और शिक्षक प्रशिक्षण परीक्षाओं के विभिन्न शुल्क में बढ़ोतरी की थी। उस दौरान परीक्षा शुल्क में लगभग 30 से 32 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई थी।

अब एक बार फिर शुल्क बढ़ाए जाने से विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच सवाल उठने लगे हैं। राज्य में हर साल करीब 7.50 लाख विद्यार्थी मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में शामिल होते हैं। इनमें बड़ी संख्या आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों की है।

ऐसे में लगातार दूसरे साल परीक्षा शुल्क बढ़ने से अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ेगा। सवाल यह भी उठ रहा है कि पिछले साल बड़ी बढ़ोतरी के बाद महज एक साल के भीतर दोबारा शुल्क बढ़ाने की जरूरत क्यों पड़ी।

जैक अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा से इस संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि फिलहाल कार्यालय बंद है। कार्यालय खुलने के बाद ही शुल्क वृद्धि के संबंध में जानकारी दी जा सकेगी।

जैक की आधिकारिक वेबसाइट: https://jac.jharkhand.gov.in/

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments