HomeJharkhandपढ़ाई और एडमिशन के खर्च से परेशान प्रेमी ने प्रेमिका की गला...

पढ़ाई और एडमिशन के खर्च से परेशान प्रेमी ने प्रेमिका की गला दबाकर की हत्या, पत्नी के साथ गिरफ्तार

गिरिडीह। झारखंड के गिरिडीह जिले के बगोदर में युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पढ़ाई और एडमिशन के लिए रुपये मांगने से परेशान होकर प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को छिपाने में उसकी पत्नी ने भी साथ दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी विनोद मंडल और उसकी पत्नी सविता देवी को गिरफ्तार कर लिया है।

इस संबंध में सरिया-बगोदर एसडीपीओ धनंजय कुमार राम ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 19 सितंबर को विनोद मंडल युवती को बाइक से अपने घर ले गया था। वहां उसने कथित तौर पर युवती की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद अपनी पत्नी सविता देवी की मदद से शव को बोरे में बंद किया और चिचाकी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक किनारे फेंक दिया।

हत्या को आत्महत्या दिखाने की रची साजिश

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने हत्या के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने की भी कोशिश की। इसके लिए मृतका के मोबाइल फोन से मैसेज भेजा गया, ताकि पुलिस और परिजनों को गुमराह किया जा सके। हालांकि, मामले की जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर पूरी घटना का खुलासा हुआ।

20 सितंबर को मिला था युवती का शव

बताया गया कि 20 सितंबर को चिचाकी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक किनारे युवती का शव बरामद किया गया था। शव मिलने के बाद मृतका के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी और मामले की गंभीरता से जांच की मांग की थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान विनोद मंडल और उसकी पत्नी की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

बाइक समेत कई साक्ष्य जब्त

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बाइक समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

इस घटना के खुलासे के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस पूरे मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments