गिरिडीह के बनियाडीह स्थित लंकास्टर अस्पताल परिसर में शनिवार रात एक बार फिर भू-धंसान की घटना से हड़कंप मच गया। रात करीब नौ बजे अचानक जमीन धंसने से परिसर में बने रसोईघर और जनरेटर रूम को भारी नुकसान पहुंचा।
जमीन धंसने की तेज आवाज और स्थिति बिगड़ने की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। अनहोनी की आशंका को देखते हुए कई परिवार अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ लोगों ने एहतियात के तौर पर अपना सामान टेंपो में लादकर सुरक्षित स्थान की ओर ले जाना शुरू कर दिया।
बताया गया कि करीब एक माह पहले भी अस्पताल परिसर में भू-धंसान की घटना हुई थी। इसके बाद अस्पताल की सेवाओं को बनियाडीह ऑफिसर्स क्लब में स्थानांतरित कर दिया गया था। सुरक्षा कारणों से सीसीएल प्रबंधन ने पूरे परिसर को डेंजर जोन घोषित करते हुए वहां रह रहे लोगों को क्वार्टर खाली करने का निर्देश दिया था।
कर्मचारियों और उनके परिवारों को वैकल्पिक आवास में शिफ्ट करने की प्रक्रिया के बीच दोबारा भू-धंसान की घटना ने इलाके में खतरा और बढ़ा दिया है। अब प्रभावित परिवारों की सुरक्षित शिफ्टिंग और क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम को लेकर सीसीएल प्रबंधन से ठोस कदम उठाने की मांग की जा रही है।


