JSSC CGL पर बड़ा फैसला: सरकार ने परीक्षा रद्द की, TDPL की सभी भर्तियों पर भी गिरी गाज
रांची: JSSC CGL परीक्षा को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे छात्रों की मांग पर आखिरकार सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट भवन में हुई कैबिनेट बैठक में JSSC CGL परीक्षा को रद्द करने पर मुहर लगा दी गई। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने खुद इसकी आधिकारिक घोषणा की।
छात्र लंबे समय से JSSC CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की जांच और परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे। कैबिनेट के फैसले के बाद आंदोलनरत अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है।
TDPL एजेंसी की सभी परीक्षाएं भी होंगी रद्द
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक और बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि केवल JSSC CGL ही नहीं, बल्कि TDPL एजेंसी के माध्यम से आयोजित की गई सभी परीक्षाएं भी रद्द की जाएंगी। खास बात यह है कि जिन परीक्षाओं की चयन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन पर भी यह फैसला लागू होगा।
सरकार के इस निर्णय से TDPL के जरिए हुई भर्तियों पर भी सवाल खड़े हो गए हैं और चयनित अभ्यर्थियों पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।
छात्रों के आंदोलन पर सीएम का बड़ा बयान
कैबिनेट बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने आंदोलन कर रहे युवाओं को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे युवा अलग-अलग खेमों में बंटे हुए नहीं हैं, बल्कि सभी झारखंड के नौजवान हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हमेशा राज्य के युवाओं के हित में खड़ी रही है और वे स्वयं भी छात्रों के हितों के पक्षधर रहे हैं।
सरकार के इस फैसले के बाद अब छात्रों के आंदोलन का अगला रुख क्या होगा और JSSC CGL की नई परीक्षा प्रक्रिया कब शुरू होगी, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।


