सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र स्थित जामडीह रेलवे फाटक के पास पिछले तीन दिनों से जाम की समस्या बनी हुई है। सड़क पर खराब खड़ी एक गाड़ी के कारण जमशेदपुर-पुरुलिया मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो रहा है और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, जामडीह रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज का निर्माण लंबे समय से अधूरा पड़ा है। ऐसे में सभी वाहनों को रेलवे फाटक से होकर गुजरना पड़ता है। दिन में कई बार रेलवे फाटक बंद होने से पहले से ही जाम की स्थिति बनती रहती है। अब सड़क पर तीन दिनों से खराब वाहन खड़े रहने के कारण समस्या और गंभीर हो गई है।
जाम का सबसे ज्यादा असर मरीजों और एंबुलेंस पर पड़ रहा है। एंबुलेंस के आने-जाने में परेशानी हो रही है और मरीज व उनके परिजन भी घंटों जाम में फंसे रह रहे हैं। वाहन चालकों का कहना है कि लंबे समय तक जाम में फंसे रहने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और रेलवे प्रशासन से सड़क पर खराब पड़े वाहन को तत्काल हटाने, जामडीह रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण जल्द पूरा कराने और जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में वे सड़क जाम कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


