गिरिडीह:– मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी में 24 सितंबर की रात हुई मारपीट और युवक रितिक यादव उर्फ बड्डी की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने प्रेसवार्ता कर मामले की जानकारी दी।
एसपी के अनुसार, सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सतीश यादव और उसके सहयोगी अनुज कुमार यादव को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की सफेद रिनॉल्ट कार जब्त की है। इसके अलावा घटनास्थल से रक्त के नमूने, तीन बांस की लाठियां, पेड़ की एक डाली और तीन जोड़ी चप्पल भी बरामद की गई हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
एसपी ने बताया कि मामले की जांच और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


