धनबाद:– जिले के टुंडी प्रखंड के सुदूर पश्चिमी क्षेत्र स्थित मनियाडीह थाना क्षेत्र के जाताखुंटी पंचायत के गुलियाडीह गांव में जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। सोमवार देर रात करीब 35 जंगली हाथियों के झुंड ने हमला कर नया प्राथमिक विद्यालय, गुलियाडीह के प्रभारी पारा शिक्षक गिरजा मुर्मू की जान ले ली।
बताया जा रहा है कि हाथियों के झुंड ने शिक्षक पर हमला कर उन्हें पटक-पटककर मार डाला। घटना के बाद पूरे गुलियाडीह गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में जंगली हाथियों के झुंड को लेकर भय बना हुआ है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की टीम को सूचना दी गई। ग्रामीणों ने हाथियों के बढ़ते आतंक को देखते हुए सुरक्षा और तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
इलाके में हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है और लोगों से जंगल एवं आसपास के इलाकों में सतर्क रहने की अपील की जा रही है।


