रांची: सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ रांची नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। वार्ड संख्या-45 के ग्वाला टोली, डोरंडा इलाके में निगम की टीम ने अभियान चलाकर करीब 1 एकड़ 20 डिसमिल सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई खाता संख्या-213 और प्लॉट संख्या-140 की सरकारी जमीन पर की गई। निगम की ओर से अतिक्रमणकारियों को पहले निर्धारित 48 घंटे की अवधि में अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था। तय समय सीमा के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की।
अभियान के दौरान 2 अवैध गैरेज, 6 अवैध खटाल, एक शेडयुक्त दुकान समेत अन्य अवैध निर्माण और संरचनाओं को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त कराते हुए सार्वजनिक उपयोग के लिए जमीन को सुरक्षित किया गया।
रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन, सड़क, फुटपाथ, नाली और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी तरह का अनधिकृत कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निगम का कहना है कि सार्वजनिक और सरकारी भूमि का संरक्षण जनहित में उसकी प्राथमिकता है।
निगम ने यह भी साफ किया है कि अतिक्रमणकारियों के खिलाफ आगे भी बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों के मुताबिक, शहर के अन्य इलाकों में भी सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर किए गए अवैध कब्जे की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

