रांची: राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र से एक नाबालिग छात्रा के अपहरण का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने डोरंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए छात्रा की तलाश में जुट गई है। वहीं, बच्ची की सुरक्षित बरामदगी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
जानकारी के अनुसार, आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा बुधवार सुबह स्कूल वैन से स्कूल गई थी। लेकिन परिजनों को जानकारी मिली कि वह स्कूल के गेट से ही एक युवक के साथ बाइक पर बैठकर कहीं चली गई। इसके बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन छात्रा का कोई सुराग नहीं मिला।
बच्ची के लापता होने के बाद परिजनों ने डोरंडा थाने पहुंचकर अपहरण की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और छात्रा की तलाश की जा रही है।
इधर, बेटी के अचानक लापता होने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता की आंखों में आंसू हैं और उन्हें अपनी बेटी की सुरक्षित वापसी का इंतजार है। परिजनों ने पुलिस से जल्द से जल्द बच्ची को बरामद करने की गुहार लगाई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब सबसे बड़ी प्राथमिकता नाबालिग छात्रा को सुरक्षित बरामद करना है।
