धनबाद:– झारखंड के धनबाद में एक नाबालिग गर्भवती किशोरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में दो हिस्सों में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मामला बलियापुर थाना क्षेत्र की धांगी बस्ती के जंगल का है, जहां किशोरी का सिर और धड़ करीब 100-100 मीटर की दूरी पर बरामद किया गया। शव के आसपास पूजा-पाठ से जुड़ी सामग्री मिलने के बाद पुलिस ने अंधविश्वास और कथित नरबलि के एंगल से भी जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि भादो अमावस्या के दिन जंगल में एक महिला शौच के लिए गई थी। इसी दौरान उसने संदिग्ध हालत में शव देखा और इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद बलियापुर सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची से FSL की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से पूजा-पाठ से जुड़ी सामग्री और अन्य महत्वपूर्ण सामान बरामद कर जांच के लिए अपने कब्जे में लिया है। इसके अलावा डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
परिजनों के मुताबिक, मृतिका नाबालिग थी और अपने प्रेमी के साथ करमाटांड़ में रहती थी। परिजनों ने यह भी बताया कि वह गर्भवती थी। हालांकि, किशोरी की मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या है और शव को इस तरह से क्यों रखा गया, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। कथित नरबलि के एंगल की भी जांच की जा रही है। घटनास्थल से बरामद पूजा सामग्री और अन्य साक्ष्यों की FSL जांच के बाद मामले में कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।


