HomeJharkhandधनबाद में बाल विवाह मुक्त भारत का संकल्प, शारदा सिंह ने कहा-...

धनबाद में बाल विवाह मुक्त भारत का संकल्प, शारदा सिंह ने कहा- बेटियों को शिक्षा और सुरक्षा देना जरूरी

धनबाद: बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा आज भी बेटियों के भविष्य और उनके अधिकारों के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है। इसे जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से शुक्रवार को धनबाद के जिला परिषद सभागार में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाल, शीघ्र और जबरन विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट, धनबाद और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को मजबूती देने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने कहा कि देश को सशक्त बनाने के लिए बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का समान अवसर देना बेहद जरूरी है। जब तक बेटियां सुरक्षित और शिक्षित नहीं होंगी, तब तक मजबूत भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान शुरू करने में संस्था की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। लगातार प्रयासों के कारण आज बाल विवाह मुक्त भारत अभियान राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहा है।

शारदा सिंह ने कम उम्र में शादी के दुष्परिणामों पर चिंता जताते हुए कहा कि बाल विवाह के कारण बच्चियों को छोटी उम्र में ही मातृत्व जैसी गंभीर जिम्मेदारियों का सामना करना पड़ता है। इसका उनके स्वास्थ्य और भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ता है। कम उम्र में मां बनने से नवजात बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

उन्होंने कहा कि बाल विवाह की समस्या केवल ग्रामीण क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरी इलाकों में भी ऐसे मामले सामने आते हैं। कई बार सामाजिक दबाव के कारण इन घटनाओं को छिपा दिया जाता है। हालांकि, अब समाज में बदलाव देखने को मिल रहा है। कई साहसी बेटियां अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठा रही हैं।

जिला परिषद अध्यक्ष ने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लगातार जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेटियों को बेहतर शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और आत्मनिर्भर बनने का अवसर देना केवल सरकार ही नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में शंकर रवानी सहित अन्य लोगों ने भी बाल विवाह उन्मूलन अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ एकजुट होने की अपील की गई। वक्ताओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि बचपन बचाना है, बेटियों को पढ़ाना है और बाल विवाह मुक्त भारत बनाना है। इसके लिए सरकारी प्रयासों के साथ समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments