कोडरमा: रांची-पटना मुख्य मार्ग पर कोडरमा सदर थाना क्षेत्र के मेघातरी कालीमंडा के पास कच्चे तेल से लदा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद सड़क पर तेल बहने लगा, जिसके बाद तेल लूटने के लिए देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि टैंकर बंगाल के हल्दिया से कच्चा तेल लेकर नेपाल जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक बोलेरो को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और टैंकर सड़क किनारे पलट गया।
टैंकर के पलटते ही तेल सड़क पर फैलने लगा। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण बाल्टी और ड्रम लेकर मौके पर पहुंच गए और तेल ले जाने लगे। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को वहां से हटाया।
इसके बाद क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को हटाने का काम शुरू किया गया। हादसे में टैंकर चालक को मामूली चोट आई है।
बताया जा रहा है कि टैंकर में सोयाबीन तेल बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल था। बिना रिफाइन किए इसका इस्तेमाल स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

