बोकारो पुलिस को अपराध पर लगाम लगाने के लिए बड़ी सौगात मिली है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जिले के सभी थानों के लिए 78 नए बोलेरो वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें से 39 नए वाहनों को आज बोकारो पुलिस लाइन में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाकर विभिन्न थानों के लिए रवाना किया गया। कार्यक्रम में उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के आईजी शैलेंद्र सिन्हा, बोकारो डीसी अजय नाथ झा और एसपी नाथू सिंह मीना मौजूद रहे।
आईजी शैलेंद्र सिन्हा ने कहा कि नए वाहनों के मिलने से पुलिस की गश्ती और त्वरित कार्रवाई बेहतर होगी। पुलिस कम समय में घटनास्थल पर पहुंच सकेगी, जिससे अपराधियों पर लगाम लगाने के साथ आम लोगों का पुलिस पर भरोसा भी बढ़ेगा।
वहीं डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि नए वाहनों का उद्देश्य अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण करना है। उन्होंने कहा कि अपराधी कहीं भी छिपे हों, पुलिस उन तक पहुंचने में सक्षम होगी।
बोकारो एसपी नाथू सिंह मीना ने बताया कि पुलिस मुख्यालय से जिले को कुल 78 नए बोलेरो वाहन मिले हैं, जिनमें से 39 वाहनों को आज थानों के लिए रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि इन वाहनों पर डायल-112 अंकित है, जिससे ग्रामीण और सुदूर इलाकों के लोगों को भी आपात स्थिति में पुलिस से संपर्क करने के प्रति जागरूक किया जाएगा। खासकर वैसे लोग, जो किसी कारणवश थाना नहीं पहुंच पाते हैं, वे डायल-112 के जरिए पुलिस की मदद ले सकेंगे।

