12 नवंबर तक चलेगा ‘होम टू रोल विजिट’ अभियान, मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
लातेहार: झारखंड में मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘होम टू रोल विजिट’ अभियान के तहत मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार सोमवार को लातेहार जिले के चंदवा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और कई घरों में जाकर मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल होने की स्थिति की जानकारी ली।
चंदवा पहुंचने पर उपायुक्त संदीप कुमार ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने संबंधित कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की प्रगति और मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
बैठक के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी चंदवा बालिका मध्य विद्यालय स्थित मतदान केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने मतदान केंद्र की व्यवस्था और मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक जानकारियां लीं। इसके बाद उन्होंने क्षेत्र के कई घरों का दौरा किया और परिवार के मुखिया से बातचीत कर यह जानकारी प्राप्त की कि परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज हैं या नहीं। उन्होंने यह भी जानकारी ली कि किसी पात्र नागरिक का नाम छूट तो नहीं गया है और नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया की क्या स्थिति है।
इस दौरान के. रवि कुमार ने बताया कि राज्य में 12 नवंबर तक ‘होम टू रोल विजिट’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी घर का कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए। इसके लिए घर-घर जाकर जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल किए जा सकें।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मौके पर मौजूद निर्वाची पदाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने अभियान को गंभीरता से संचालित करने और पात्र मतदाताओं की पहचान कर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इस दौरान एसडीएम दिनेश कुमार, बीडीओ चंदन प्रसाद, सीओ सुमित कुमार झा सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

