रांची: कांके रोड स्थित चंदवे तालाब के कायाकल्प की तैयारी शुरू हो गई है। रांची नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-01 में स्थित इस जलाशय के जीर्णोद्धार के लिए 2.28 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने तालाब का स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को विकास कार्य समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
अटल नवीकरण एवं शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत) 2.0 के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वीकृत राशि से तालाब का समग्र विकास किया जाएगा। प्रस्तावित कार्यों में घाट, पाथवे और बाउंड्री का निर्माण शामिल है। इसके अलावा हॉर्टिकल्चर और अन्य जरूरी सिविल कार्य भी कराए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने तालाब की मौजूदा स्थिति, जलाशय क्षेत्र और आसपास के इलाकों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अभियंताओं और अधिकारियों से प्रस्तावित कार्ययोजना की जानकारी लेते हुए काम में गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
15 मीटर के दायरे में निर्माण की होगी जांच
चंदवे तालाब के आसपास संभावित अतिक्रमण को लेकर भी नगर निगम सख्त नजर आ रहा है। अधिकारियों को अतिक्रमित क्षेत्र की पहचान करने और नियमानुसार संबंधित भवनों व अन्य निर्माणों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया है।
नगर आयुक्त ने कहा कि नियमानुसार वाटर बॉडी की अधिगृहित भूमि से 15 मीटर की परिधि में भवन या अन्य निर्माण प्रतिबंधित हैं। ऐसे में इस दायरे में आने वाले निर्माणों की जांच कर जलाशय की जमीन को सुरक्षित किया जाएगा।
जल संरक्षण पर भी रहेगा जोर
नगर आयुक्त ने कहा कि तालाब का जीर्णोद्धार केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं रहेगा। जलाशयों का संरक्षण शहर के जल संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसलिए विकास कार्यों के दौरान तालाब की मूल संरचना और उपयोगिता को बरकरार रखते हुए इसका समग्र विकास किया जाएगा।
2.28 करोड़ रुपये की योजना पूरी होने के बाद चंदवे तालाब न सिर्फ बेहतर और आकर्षक नजर आएगा, बल्कि जल संरक्षण के लिहाज से भी इसकी भूमिका मजबूत होने की उम्मीद है।


