बेरमो : कारो माइंस के DCCPL पैच में शनिवार तड़के CISF और CCL प्रबंधन ने कोयला तस्करों के नेटवर्क पर अब तक की सबसे बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए 100.080 टन अवैध कोयला और 50 मोटरसाइकिलें जब्त कर ली। विश्वसनीय सूत्रों से मिली सूचना पर शुरू हुए इस अभियान ने पूरे इलाके में कोयला माफिया गिरोहों में हड़कंप मचा दिया। सूत्रों के अनुसार, तस्कर बोरियों में कोयला भरकर मोटरसाइकिलों से बाहर निकाल रहे थे। जैसे ही संयुक्त टीम मौके पर पहुंची, कोयला और बाइक छोड़कर तस्कर जंगल की ओर फरार हो गए। करीब तीन घंटे तक चले सघन तलाशी अभियान में भारी मात्रा में अवैध कोयला बरामद किया गया।

प्राथमिक जांच में जब्त कोयला CCL के बोकारो और करगली एरिया का पाया गया। किसी के पास न तो वैध चालान मिला और न ही किसी ने कोयले पर स्वामित्व का दावा किया। जब्त कोयले का अनुमानित मूल्य ₹4.23 लाख से अधिक आंका गया है। पूरे मामले में MMDR अधिनियम के तहत गांधीनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई जारी है। CISF और CCL प्रबंधन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कोयला माफिया और अवैध खनन के खिलाफ अभियान और तेज़ होगा तथा कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

