सरला बिरला पब्लिक स्कूल, राँची द्वारा आयोजित तीन दिवसीय चतुर्थ राष्ट्रीय अंतर-विद्यालयी अंतरविषयी कला महोत्सव ‘प्रतिध्वनि 4.0’ का उल्लासपूर्ण एवं गरिमामय समापन हुआ। देश के विभिन्न विद्यालयों से आए युवा प्रतिभागियों ने इस राष्ट्रीय मंच पर साहित्य, प्रदर्शन कला, आलोचनात्मक चिंतन और रचनात्मक अभिव्यक्ति के विविध आयामों में अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। नॉलेज रिसोर्स क्यूरेटर श्री मुखर्जी पी. के मार्गदर्शन में आयोजित इस महोत्सव ने विद्यार्थियों को अंतर्विषयी शिक्षा, सहयोगात्मक अधिगम तथा रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से सीखने, विचारों का आदान-प्रदान करने और नई संभावनाओं का अन्वेषण करने का अनूठा अवसर प्रदान किया।
समापन समारोह में प्रतिभागियों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। तीन दिवसीय इस रचनात्मक यात्रा के अनुभवों एवं सीख को साझा करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा की गई। विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं विजेता टीमों को उनकी प्रतिभा, समर्पण और उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए ट्रॉफी, पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मनीषा शर्मा ने सभी प्रतिभागियों को उनकी उत्साहपूर्ण सहभागिता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि ‘प्रतिध्वनि’ केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि कल्पनाशीलता, सार्थक संवाद, सहयोग और अंतर्विषयी शिक्षा का एक सशक्त उत्सव है। यह विद्यार्थियों को आलोचनात्मक दृष्टि से सोचने, रचनात्मक ढंग से स्वयं को अभिव्यक्त करने तथा एक-दूसरे से सीखने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने सहभागी विद्यालयों, रिसोर्स पर्सन्स, निर्णायक मंडल, शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं आयोजन समिति के सदस्यों के समर्पण और अथक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इन्हीं के सहयोग से ‘प्रतिध्वनि 4.0’ का चैथा संस्करण भव्य एवं सफल रहा।
धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ। ‘प्रतिध्वनि 4.0’ ने एक बार फिर सरला बिरला पब्लिक स्कूल की उस प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से रेखांकित किया, जिसके अंतर्गत विद्यालय राष्ट्रीय स्तर के ऐसे सार्थक मंचों के माध्यम से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नवाचार, आलोचनात्मक चिंतन, सहयोगात्मक अधिगम तथा समग्र शिक्षा को निरंतर प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

