HomeJharkhandपलामू में जन्म प्रमाण पत्र घोटाले का खुलासा, 33 प्रमाण पत्र रद्द;...

पलामू में जन्म प्रमाण पत्र घोटाले का खुलासा, 33 प्रमाण पत्र रद्द; डिजिटल सिग्नेचर और पोर्टल आईडी के दुरुपयोग पर FIR

मेदिनीनगर/नितेश तिवारी:– पलामू में जन्म प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। मेदिनीनगर स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH) से जारी किए गए 33 संदिग्ध जन्म प्रमाण पत्र जांच के बाद रद्द कर दिए गए हैं। मामले में अस्पताल के जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रार की ओर से शहर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक सह जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रार विजय कुमार सिंह के आवेदन पर मेदिनीनगर शहर थाना में कांड संख्या 351/2026, दिनांक 12 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में BNS की धारा 336(3), 337, 340, 318(4) और 300 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पोर्टल आईडी और पासवर्ड के दुरुपयोग का आरोप

अस्पताल में जन्म प्रमाण पत्र तैयार करने के लिए नियुक्त कंप्यूटर ऑपरेटर अमित कुमार से इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया था। अपने लिखित जवाब में उन्होंने बताया कि काम की अधिकता के कारण अस्पताल प्रबंधक सुनीत श्रीवास्तव के मौखिक निर्देश पर शिव नारायण साव को जन्म प्रमाण पत्र तैयार करने के कार्य में लगाया गया था।

आरोप है कि इसी दौरान शिव नारायण साव ने अस्पताल के जन्म प्रमाण पत्र पोर्टल की आईडी और पासवर्ड का कथित रूप से दुरुपयोग किया। पोर्टल के माध्यम से गलत डिस्चार्ज टिकट तैयार किए जाने और उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर 33 जन्म प्रमाण पत्र बनाए जाने का आरोप है। बाद में इन प्रमाण पत्रों को संबंधित लोगों के बीच वितरित किए जाने की बात भी आवेदन में कही गई है।

33 से अधिक प्रमाण पत्रों की जांच शुरू

मामला सामने आने के बाद अस्पताल स्तर पर शिव नारायण साव के कार्यकाल में तैयार किए गए अन्य जन्म प्रमाण पत्रों की भी जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में 33 से अधिक प्रमाण पत्रों में भी गड़बड़ी की आशंका जताई गई है।

पुलिस अब पोर्टल पर दर्ज रिकॉर्ड, जन्म प्रमाण पत्र तैयार करने की प्रक्रिया, डिस्चार्ज टिकट, डिजिटल सिग्नेचर के इस्तेमाल और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कथित फर्जीवाड़े का दायरा कितना बड़ा है।

पहले भी सामने आ चुके हैं संदिग्ध प्रमाण पत्र

पलामू में जन्म प्रमाण पत्र को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। जुलाई 2025 में मेदिनीनगर नगर निगम कार्यालय के बाहर कथित फर्जी हस्ताक्षर के जरिए जन्म प्रमाण पत्र बनाए जाने के आरोप में एक दुकान को सील किए जाने का मामला सामने आया था।

इसके बाद अक्टूबर 2025 में भी MMCH से जारी कुछ संदिग्ध जन्म प्रमाण पत्रों की जांच शुरू हुई थी। UIDAI के क्षेत्रीय कार्यालय रांची और सिविल सर्जन पलामू के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी। समिति में डॉ. जितेंद्र सिंह, डॉ. अब्दुल अहद और डॉ. उदय सिंह शामिल थे। उस समय करीब 9 से 10 संदिग्ध जन्म प्रमाण पत्रों की जांच की जानकारी सामने आई थी। हालांकि, उस जांच की अंतिम रिपोर्ट सार्वजनिक हुई या नहीं, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

2026 में जारी कुछ प्रमाण पत्रों पर भी सवाल

नए मामले के बीच वर्ष 2026 में जारी कुछ जन्म प्रमाण पत्रों को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। 19 अगस्त 2026 को तान्या इसरा, माता का नाम जयनाब बीवी, पता चियांकी, मेदिनीनगर के नाम से जारी प्रमाण पत्र का मामला भी चर्चा में है।

इसी तरह 22 जून 2026 को आरती कुमारी, पिता जितेंद्र कुमार सिंह और माता शीला कुमारी के नाम से जारी प्रमाण पत्र में जन्म तिथि 23 जनवरी 2020 दर्ज है। दावा किया जा रहा है कि अस्पताल के संबंधित जन्म रजिस्टर में उस तारीख को शीला कुमारी के प्रसव का रिकॉर्ड नहीं मिला। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

अस्पताल की ओर से जन्म प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया और कथित डिजिटल सिग्नेचर के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।

पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच

मामले में MMCH के अधीक्षक डॉ. अजय कुमार का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। उनका पक्ष मिलने पर खबर को अपडेट किया जाएगा।

शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच की जा रही है।

अब जांच का मुख्य बिंदु यही है कि क्या कथित फर्जीवाड़ा केवल 33 जन्म प्रमाण पत्रों तक सीमित है या अस्पताल से जारी किए गए अन्य प्रमाण पत्र भी जांच के दायरे में आएंगे। पुलिस और अस्पताल स्तर पर चल रही जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments