रांची: अफीम की अवैध खेती के खिलाफ पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 21 सितंबर 2026 को तमाड़ थाना क्षेत्र के हाई स्कूल, लुंगटू में तमाड़ थाना पुलिस ने ग्रामीणों और विद्यार्थियों को अफीम की अवैध खेती से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी।
अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को अफीम की अवैध खेती के सामाजिक, आर्थिक और कानूनी दुष्परिणामों के बारे में बताया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में अफीम की अवैध खेती नहीं की जानी चाहिए।
ग्रामीणों और विद्यार्थियों से अपील की गई कि यदि आसपास अफीम की अवैध खेती या इससे जुड़ी किसी गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस या संबंधित प्रशासन को दें। साथ ही लोगों को नशीले पदार्थों से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने के साथ आम लोगों में जागरूकता बढ़ाना और नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।


