रांची/गिरिडीह: झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन पर विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने गहरा शोक व्यक्त किया। निधन की सूचना मिलते ही विधानसभा अध्यक्ष अपने क्षेत्रीय आवास नाला से गिरिडीह पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने दिवंगत मंत्री के पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि स्वर्गीय सुदिव्य कुमार उनके अनुज थे और उनके असामयिक निधन से वे स्तब्ध हैं। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार झारखंड मंत्रिमंडल के ऊर्जावान मंत्री थे। उनका यूं चले जाना राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है और आज पूरा झारखंड उनके आकस्मिक निधन से शोक में डूबा है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में सुदिव्य कुमार का जनसेवा से व्यापक सरोकार रहा, जिसे गिरिडीह सहित राज्य की जनता कभी नहीं भूल पाएगी।
सुदिव्य कुमार झारखंड मुक्ति मोर्चा के विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों पर रहे। वर्ष 2019 में वे गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र से झामुमो के टिकट पर पहली बार विधायक निर्वाचित हुए। विधायक के रूप में उन्होंने झारखंड विधानसभा की लोक लेखा समिति, सामान्य प्रयोजन समिति और प्रत्यायुक्त विधान समिति में सदस्य के रूप में कार्य किया। वर्ष 2024 में दोबारा चुनाव जीतने के बाद उन्होंने मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विधायी कार्यों में उनकी रुचि और विकासात्मक कार्यों की प्राथमिकता तय करने की क्षमता राजनीति के क्षेत्र में उनकी कमी का हमेशा एहसास कराएगी। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में सभी लोग शोकाकुल परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं।

