सरायकेला। चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन वितरण में अनियमितता और लाभुकों के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। रुचाप, भालुककोचा और मोचीपाड़ा गांव के ग्रामीणों ने वर्तमान राशन डीलर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए उसे बदलने की मांग की है। इस संबंध में ग्रामीणों ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ), चांडिल को लिखित आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने आवेदन में आरोप लगाया है कि वर्तमान राशन डीलर मां दुर्गा महिला समिति द्वारा लाभुकों को निर्धारित मात्रा से कम राशन दिया जाता है। इसके अलावा राशन वितरण में अनावश्यक देरी की जाती है और राशन लेने पहुंचने वाले लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। ग्रामीणों ने चावल और गेहूं सहित अन्य खाद्यान्न की कथित हेराफेरी का भी आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि राशन वितरण में पारदर्शिता और नियमितता की कमी के कारण आदिवासी, गरीब और जरूरतमंद परिवारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि वे अब मां दुर्गा महिला समिति से राशन नहीं उठाएंगे। उन्होंने मांग की है कि राशन वितरण की जिम्मेदारी गांगोडीह पुनर्वास स्थित मां गंगा महिला समिति को सौंपी जाए। ग्रामीणों का दावा है कि नई समिति के माध्यम से चावल, गेहूं, नमक और दाल सहित सभी खाद्य सामग्री सरकारी निर्धारित मात्रा के अनुसार समय पर उपलब्ध हो सकेगी।
ग्रामीणों ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और नियमानुसार जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया है। अब देखना होगा कि विभाग ग्रामीणों की शिकायत को कितनी गंभीरता से लेता है और राशन वितरण व्यवस्था में सुधार के लिए क्या कदम उठाता है।
