HomeJharkhandसरायकेला में जंगली हाथी का तांडव, घर की दीवार तोड़कर खाया अनाज,...

सरायकेला में जंगली हाथी का तांडव, घर की दीवार तोड़कर खाया अनाज, खिड़की से कूदकर बच्चों ने बचाई जान

सरायकेला: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। चांडिल वन क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। बुधवार देर रात कुकड़ू प्रखंड के पारगामा गांव में एक जंगली हाथी ने जीतू महतो के घर पर हमला कर दिया। हाथी ने घर की दीवार तोड़ दी और अंदर रखा अनाज खा गया। घटना के दौरान घर में मौजूद परिवार के सदस्यों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।

घटना के समय जीतू महतो की पत्नी और उनके दो बच्चे घर के अंदर सो रहे थे। अचानक हाथी के घर में घुसने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए दोनों बच्चे खिड़की के रास्ते बाहर निकल गए, जबकि उनकी मां घर के अंदर ही दुबककर बैठ गईं।

पीड़ित महिला के मुताबिक, हाथी ने कई बार उनकी ओर हमला करने की कोशिश की। ऐसी स्थिति में उन्होंने घर में रखा अनाज हाथी की तरफ फेंककर उसे शांत करने का प्रयास किया। इसी दौरान हाथी ने जोरदार धक्का मारा, जिससे महिला खिड़की से बाहर गिर गईं। हालांकि, किसी तरह उनकी जान बच गई।

दीवार टूटी, परिवार के सामने रहने का संकट

हाथी के हमले में घर की दीवार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि दीवार परिवार के सदस्यों की ओर नहीं गिरी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद परिवार के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है। घर क्षतिग्रस्त होने के कारण पीड़ित परिवार को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घटना के बाद मां के साथ दोनों बच्चे आंगन में रोते-बिलखते नजर आए।

8 वर्षों से हाथियों के गांवों में प्रवेश का दावा

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब आठ वर्षों से दलमा गज परियोजना के जंगलों से हाथियों के झुंड ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के चारों प्रखंडों के विभिन्न जंगलों में डेरा जमाए हुए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, जंगल में पर्याप्त भोजन और पानी नहीं मिलने के कारण हाथियों का झुंड शाम ढलते ही भोजन-पानी की तलाश में गांवों की ओर पहुंच जाता है और घरों तथा फसलों को नुकसान पहुंचाता है।

एक तरफ ग्रामीण दीपावली, बंदना और सोहराय जैसे पर्वों की तैयारी में जुटे हैं, वहीं दूसरी तरफ हाथियों के लगातार गांवों में प्रवेश करने से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

वन विभाग के प्रति ग्रामीणों में नाराजगी

घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि हाथियों के गांव में प्रवेश करने की सूचना चांडिल वन क्षेत्र पदाधिकारी और वनरक्षी सागर को दी गई, लेकिन समय पर कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा।

ग्रामीणों का कहना है कि सरायकेला-खरसावां के डीएफओ सवा आलम अंसारी से भी कई बार हाथियों को भगाने की मांग की गई है। इसके अलावा दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी के अधिकारियों को भी हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने के लिए कहा गया है। इसके बावजूद हाथी-मानव संघर्ष की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने, गांवों में प्रवेश रोकने के लिए विशेष टीम तैनात करने और प्रभावित परिवार को तत्काल राहत सामग्री, खाद्यान्न तथा सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments